ग्वालियर। शहर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए बड़ी पहल की जा रही है। केंद्र सरकार की पीएम-ई बस सेवा के तहत ग्वालियर को 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं, जो डिपो का काम पूरा होते ही सड़कों पर दौड़ेंगी। इन बसों को इंटेलिजेंट ट्रांजिट मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) और पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम (पीआईएस) से लैस किया जाएगा, जिससे स्मार्ट सिटी के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से इनकी लाइव मॉनिटरिंग हो सकेगी।


निगम अधिकारियों द्वारा धार के पीथमपुर में तैयार हो रही बसों का निरीक्षण भी किया जा चुका है। हालांकि जलालपुर आईएसबीटी और रमौआ डिपो में सिविल व इलेक्ट्रिकल कार्य देरी से शुरू होने के कारण परियोजना में कुछ विलंब की संभावना है। ऐसे में अब इन ई-बसों का संचालन मई-जून 2026 तक शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।


बसों का संचालन नगर निगम के बजाय राज्य सरकार की होल्डिंग कंपनी के माध्यम से किया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं आईटीएमएस और पीआईएस सिस्टम के लिए टेंडर और कंपनी का चयन केंद्र सरकार करेगी। बसों में स्पीकर सिस्टम भी लगाया जाएगा, जिससे आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से सीधे ड्राइवर और कंडक्टर को निर्देश दिए जा सकेंगे।