छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले के परासिया क्षेत्र के दरबई गांव में शादी समारोह के दौरान किन्नर बनकर नेग वसूली करने पहुंचे कुछ युवकों का भंडाफोड़ हो गया। घटना के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में पहुंचे कुछ लोगों ने स्वयं को किन्नर बताते हुए नेग के नाम पर बड़ी रकम की मांग की। उनकी गतिविधियों पर संदेह होने पर ग्रामीणों ने मामले की सूचना चांदामेटा के किन्नर समुदाय को दी। सूचना मिलते ही किन्नर समाज के सदस्य मौके पर पहुंचे और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।
पहचान और जांच के दौरान खुलासा हुआ कि किन्नर के वेश में पहुंचे लोग वास्तव में युवक थे, जो शादी-ब्याह के कार्यक्रमों में किन्नर बनकर नेग वसूलने का काम कर रहे थे। सच्चाई सामने आते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और विवाद की स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी पिटाई भी कर दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें नकली किन्नरों की पहचान उजागर होने के बाद का हंगामा दिखाई दे रहा है। वहीं किन्नर समुदाय ने लोगों से अपील की है कि ऐसे संदिग्ध लोगों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल पुलिस अथवा किन्नर समाज को सूचना दें।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और वीडियो वायरल होने के बाद लोग नकली किन्नरों के इस नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

