भिंड, अक्षय जोशी। भिंड पुलिस द्वारा संचालित 'सेफ क्लिक 2.0' साइबर जन-जागरूकता अभियान के तहत देहात कोतवाली थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने आमजन, विशेषकर युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए एक प्रभावी शॉर्ट फिल्म तैयार की है। यह फिल्म लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने का संदेश दे रही है और इसकी सराहना जिले के साथ-साथ राजधानी भोपाल तक हो रही है।
शॉर्ट फिल्म में दर्शाया गया है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी फर्जी लिंक, संदिग्ध वेबसाइट या साइबर ठगी के माध्यम से धोखाधड़ी हो जाती है, तो घबराने के बजाय तत्काल पुलिस की सहायता लेकर नुकसान से बचा जा सकता है। फिल्म में साइबर अपराध की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक कदमों और समय रहते शिकायत दर्ज कराने के महत्व को भी सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया है।
भिंड पुलिस का उद्देश्य आधुनिक तकनीक और रचनात्मक माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है, ताकि लोग सतर्क रहें और साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें। पुलिस का मानना है कि जागरूकता ही साइबर अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है।




