बैतूल, सुरेन्द्र बावने। चिचोली थाना क्षेत्र के मालीपुरा स्थित शंकर मंदिर के पास रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पटेल मोहल्ला निवासी तनिश राठौर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 7 जून की रात करीब 9:15 बजे वह मालीपुरा स्थित शंकर मंदिर के पास खड़ा था। इसी दौरान यश राठौर, गौरव राठौर, पारस राठौर और श्रीयांशु राठौर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगे।


फरियादी के अनुसार आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के दौरान यश राठौर के हाथ में पहने कड़े से उसकी दाहिनी आंख के पास गंभीर चोट लगी। इसके अलावा उसके हाथ, पैर और पीठ में भी चोटें आईं। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया।


घटना के दौरान अजल खान, निहाल उर्फ नैनू खरे तथा अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी।


चिचोली पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।