छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले अंतर्गत चंदला थाना क्षेत्र के छपरा गांव में बीती रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव में मामूली बात पर हुए विवाद के बाद एक घर को निशाना बनाते हुए अवैध हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। इस अचानक हुए जानलेवा हमले में घर के बाहर मौजूद एक नवयुवक बाल-बाल बच गया। वारदात के बाद से पीड़ित परिवार सहित पूरे गांव में भारी दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही चंदला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कारतूस व छर्रे बरामद कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।


देसी मुर्गा और एक हजार रुपये की अड़ीबाजी, न देने पर दी थी अंजाम भुगतने की धमकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक दिन पहले हुई थी। पीड़ित राजाराम राजपूत से गांव के ही निवासी अजय राजपूत ने कथित तौर पर एक देसी मुर्गा और एक हजार रुपये की अवैध मांग की थी। जब राजाराम ने इस अनुचित मांग को पूरा करने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने आक्रोशित होकर देख लेने और गंभीर अंजाम भुगतने की खुली धमकी दी थी।


315 बोर के कट्टे से दागी गोलियां, युवक ने भागकर बचाई जान

धमकी के अगले ही दिन बीती रात जब पीड़ित परिवार के सदस्य अपने घर के बाहर मौजूद थे, तभी आरोपी अवैध हथियार लेकर मौके पर आ धमका। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए 315 बोर के कट्टे से सीधे घर की तरफ ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां खड़ा युवक किसी तरह छिपकर बाल-बाल बचा। गोलियों के छर्रे और निशान मकान की दीवार की पट्टी पर साफ देखे जा सकते हैं, जो हमले की भयावहता को दर्शाते हैं।


मौके से खोखा व छर्रे बरामद, पीड़ित परिवार ने लगाई सुरक्षा की गुहार

गोलीबारी की आवाज सुनकर जब ग्रामीण एकत्र होने लगे, तो आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चंदला थाना पुलिस का दल तुरंत छपरा गांव पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां बिखरे पड़े कारतूस और छर्रों को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है। खौफजदा पीड़ित परिवार ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और जान-माल की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।


पूर्व में भी पुलिस टीम पर हो चुका है हमला, डायल-112 वाहन हुआ था क्षतिग्रस्त

छपरा गांव में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का यह पहला मामला नहीं है। पूर्व में भी इस गांव में आपराधिक तत्वों द्वारा पुलिस टीम पर पथराव और जानलेवा हमला किए जाने की गंभीर घटना घटित हो चुकी है, जिसमें पुलिस का आपातकालीन डायल-112 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। पुलिस पर हमले की पुरानी पृष्ठभूमि को देखते हुए स्थानीय प्रशासन इस ताजा गोलीबारी की घटना को बेहद गंभीरता से ले रहा है।