सतना, सजल कुमार रजक। सतना के जिला अस्पताल से सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। देर रात एक युवक अचानक अपनी बाइक लेकर अस्पताल परिसर के अंदर दाखिल हो गया। मरीज और उनके तीमारदार जब देर रात अचानक परिसर के अंदर बाइक की आवाज और हलचल देखे, तो वहां हड़कंप मच गया।

पुलिस और गार्डों ने युवक को निकाला बाहर

अस्पताल परिसर में देर रात बाइक सवार युवक को देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों में खलबली मच गई। इसके बाद तत्काल पुलिस और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद युवक को बाइक के साथ परिसर से बाहर निकाला गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान काफी देर तक अस्पताल में तनाव और अफरातफरी का माहौल बना रहा।

लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने जिला अस्पताल के प्रवेश द्वार पर की जाने वाली चेकिंग और निगरानी व्यवस्था पर सीधे सवाल खड़े कर दिए हैं। इतने संवेदनशील स्थान पर, जहां दिन-रात गार्ड तैनात रहते हैं, कोई युवक बाइक लेकर कैसे घुस सकता है? प्रवेश द्वार पर पर्याप्त सुरक्षा बल और कैमरे होने के बावजूद यह लापरवाही कैसे हुई? हालांकि अभी तक युवक के इस तरह अंदर घुसने का कारण साफ नहीं हो पाया है, लेकिन इस मामले ने अस्पताल प्रशासन की सतर्कता की पोल खोल कर रख दी है।