सागर, जीशान खान। जिले के मोतीनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) के साथ एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 75 हजार रुपए आंकी गई है। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल रोड स्थित बस स्टैंड के पास एक युवक अवैध मादक पदार्थ बेचने की तैयारी में खड़ा है। सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय (30) निवासी तिरूपतिपुरम कॉलोनी, सागर बताया।


तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 13.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर शैलजा सोनी नामक महिला को हिरासत में लिया गया।


जांच के बाद महिला को भी मामले में आरोपी बनाया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.84 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है।


मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ड्रग्स की आपूर्ति और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं। मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।