बटियागढ़/दमोह (राजेंद्र तिवारी)। बटियागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम फुटेरा कला में राजस्व विभाग द्वारा प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत विशेष शिविर (कैंप) का आयोजन किया गया। शिविर में बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी स्वयं राजस्व अमले के साथ मौके पर मौजूद रहे और योजना के क्रियान्वयन का जायजा लेते हुए ग्रामीणों के पंजीयन कार्य को सुचारू रूप से संचालित कराया।

शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों का समग्र आईडी और मोबाइल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन किया जा रहा है। प्रक्रिया की जानकारी देते हुए तहसीलदार योगेंद्र चौधरी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से सभी आवेदन ऑनलाइन दर्ज किए जा रहे हैं। पोर्टल पर पंजीकृत होने के बाद आवेदन सत्यापन हेतु पटवारी आईडी पर अग्रेषित होंगे और वहां से अनुमोदन के बाद तहसीलदार आईडी पर पहुंचेंगे। प्रक्रिया पूरी होते ही पात्र हितग्राहियों को शीघ्र ही भूमि स्वामित्व के तहत रजिस्ट्री व पट्टों का लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि कोई भी पात्र ग्रामीण योजना के लाभ से वंचित न रहे।

वहीं, मैदानी व्यवस्थाओं को लेकर तहसीलदार ने बताया कि कुछ मांगों व समस्याओं को लेकर पटवारी वर्तमान में कार्य प्रभावित कर रहे हैं, जिन्हें समझाइश दी गई है ताकि आमजन से जुड़े राजस्व कार्य निर्बाध रूप से संपन्न हो सकें। प्रशासन का प्रयास है कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही उनके वैध भू-स्वामित्व के दस्तावेज सुलभ कराए जाएं।