बीना (बृजपाल सिंह राजपूत)। बीना थाना क्षेत्र अंतर्गत बीना-सागर रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से 36 वर्षीय नगर पालिका कर्मचारी की असमय मौत हो गई। मृतक रात से ही घर से लापता थे, जिनका शव सुबह रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।

जानकारी के अनुसार, वीर सावरकर वार्ड निवासी सतीश कुशवाहा (उम्र 36 वर्ष, पिता सुखलाल कुशवाहा) नगर पालिका में पदस्थ थे। वे बीती रात बिना बताए घर से निकले थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजन रातभर अपने स्तर पर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। आज सुबह करीब 7 बजे परिजनों और स्थानीय राहगीरों को बीना-सागर रेलवे लाइन ओवरब्रिज के पास ट्रैक पर उनका शव पड़े होने की जानकारी मिली, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।

स्थानीय नागरिकों की सूचना पर बीना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है और इस बात की पड़ताल की जा रही है कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।