सादलपुर/धार (अजय भाबर)। धार जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुणावद स्थित तिरुपति होटल पर बीती रात मामूली बातचीत के दौरान उपजा विवाद अचानक हिंसक हो गया। शराब के नशे में हुई तू-तू मैं-मैं के बाद हुई अंधाधुंध चाकूबाजी में 24 वर्षीय युवक विकास की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में फैले तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर छावनी में तब्दील कर दिया है।
घटना बीती रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम नियामतखेड़ी निवासी विकास (24 वर्ष, पिता तेजकरण बलाई) और गुणावद निवासी सद्दाम उर्फ गोलू (पिता इकबाल) के बीच होटल पर किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि सद्दाम और उसके साथियों ने धारदार चाकू निकाल लिए और विकास पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल विकास को आनन-फानन में धार अस्पताल ले जाया गया, जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बीच-बचाव करने आए गुणावद निवासी सुनील सबनेर (38 वर्ष) और पीपल्दा निवासी बलराम मालवीय (35 वर्ष) भी चाकू लगने से घायल हो गए, जिनका उपचार धार के भोज अस्पताल में चल रहा है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सादलपुर पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए एक आरोपी इमरान (पिता इकबाल) को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सद्दाम सहित दो अन्य फरार हैं। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इधर, वारदात के बाद गांव में उपजे तनाव को नियंत्रित करने के लिए डीआरपी लाइन धार और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर तैनात किया गया है। एएसपी पारुल बेलापुरकर और बदनावर एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर स्वयं मौके पर कैंप कर कानून-व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस शराब के नशे में हुए तात्कालिक विवाद के साथ-साथ पुरानी रंजिश के सभी पहलुओं की सघन जांच कर रही है।












