मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के पिपलियामंडी स्थित विद्युत कार्यालय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बोतलगंज निवासी महिला सेलेट पेंसिल कारखाने में विद्युत विभाग द्वारा बनाए गए पंचनामे के मामले को लेकर पिपलियामंडी विद्युत कार्यालय पहुंची थी। बताया जा रहा है कि इसी मामले को लेकर महिला की विद्युत विभाग के अधिकारी से बहस हो गई।
बहस के दौरान महिला ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आग लगा ली। अचानक हुई इस घटना से विद्युत कार्यालय में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली और महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
महिला की हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पिपलियामंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला द्वारा आत्मदाह का कदम उठाने के पीछे के कारणों और विद्युत विभाग के विवाद से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।




