लागत चार गुना बढ़ी, आय हुई आधी: राजवर्धन सिंह बोले- भाजपा सरकार में बदहाल हुआ अन्नदाता

Advertisement
भोपाल,जीतेन्द्र यादव। पूर्व मंत्री एवं विधायक राजवर्धन सिंह ने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार यह मुद्दा उठा रही है कि भाजपा शासन में किसानों की स्थिति बदतर हो गई है। उन्होंने बताया कि किसानों की लागत चार गुना बढ़ गई है जबकि उनकी आय आधी रह गई है। महंगाई और अन्य कारकों से किसान बुरी तरह परेशान हैं।
राजवर्धन सिंह ने अपने क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि इस बार अधिकांश किसानों ने मक्का की फसल बोई थी, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2400 रुपये प्रति क्विंटल होने के बावजूद खरीद केवल 1200 से 1300 रुपये प्रति क्विंटल पर हुई। किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम नहीं मिला और फसल का उचित मूल्य भी नहीं प्राप्त हुआ।
उन्होंने वर्तमान गेहूं की खेती का जिक्र करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधा। सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री दावा कर रहे हैं कि उनके पास ऐसा बीज है जिससे एक बीघा में 50 क्विंटल गेहूं पैदा हो सकता है, लेकिन आम किसानों को यह बीज क्यों नहीं उपलब्ध हो रहा है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के 'गुड़ की खेती' करो वाले बयान पर कटाक्ष किया और कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री किसानों के हित में नहीं बल्कि उनके विपरीत काम कर रहे हैं।
खाद की समस्या पर बोलते हुए राजवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि पूरे सीजन में किसानों को डीएपी और अन्य खाद पर्याप्त मात्रा में और समय पर नहीं मिल पाई। इसी कारण कांग्रेस पार्टी ने किसानों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इसे गर्व की बात बताते हुए कहा कि कल मध्य प्रदेश में जननायक एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भोपाल पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी के माध्यम से कांग्रेस की किसान हितैषी सोच को पूरे प्रदेश के सामने रखा जाएगा।
इसके अलावा राजवर्धन सिंह ने एआई इम्पैक्ट समिट में हुए विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल गलत हुआ है कि हमारे वीर युवाओं ने एआई समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी द्वारा किए जा रहे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया। यूनिवर्सिटी ने एक चीनी रोबोट को अपना बताकर पेश किया, जिससे पूरे विश्व में भारत का नाम कलंकित हुआ। इस मुद्दे पर यूथ कांग्रेस के युवाओं ने प्रदर्शन किया, लेकिन उनके साथ गलत कार्रवाई की गई, परिवारों को धमकाया जा रहा है और उन पर गलत धाराएं लगाई गई हैं। कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करती है और विश्वास है कि न्यायालय जल्द ही इन वीर युवाओं को राहत प्रदान करेगा।
