मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के रामनगर जनपद अंतर्गत सिंगपुर मौहारी गांव में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली हाथी अचानक आबादी वाले इलाके में घुस आया। हाथी के तांडव से गांव में भगदड़ मच गई। इस दौरान हाथी ने दो कच्चे मकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। हादसे और अफरा-तफरी के बीच कंछेदी यादव नाम के एक बुजुर्ग ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मलबे में दबने से दो बकरियों ने भी दम तोड़ दिया।


गांव में मचा तांडव, मलबे में तब्दील हुए दो मकान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार रात जब ग्रामीण सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक जंगली हाथी गांव में दाखिल हुआ। हाथी को देखते ही लोग जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।


हाथी ने गांव में जमकर तबाही मचाई

हाथी के हमले में दो ग्रामीणों के मकान ढह गए और घर में रखा पूरा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। ढहे हुए मकानों में बंधी दो बकरियां मलबे के नीचे दब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटनाक्रम के दौरान बुजुर्ग कंछेदी यादव की जान चली गई, जिससे पूरे गांव में शोक और दहशत की लहर दौड़ गई।


रातभर जागे ग्रामीण, दोबारा हाथी आने की आशंका से खौफ

घटना के बाद से ही सिंगपुर मौहारी गांव में भारी डर का माहौल है। ग्रामीणों को डर है कि जंगली हाथी भटककर दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में लौट सकता है। इसी आशंका के चलते ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर गुजारी और एक-दूसरे को सतर्क करते रहे। हाथी की मौजूदगी के कारण शुरुआत में कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।


वन विभाग और प्रशासन से मुआवजे व सुरक्षा की गुहार

जंगली हाथी के हमले में बुजुर्ग की मौत और बेघर हुए परिवारों की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और वन विभाग से तत्काल राहत की मांग की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रभावित परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, वन विभाग की टीम को गांव के आसपास गश्त बढ़ाकर हाथी की लोकेशन पर लगातार निगरानी रखनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य जनहानि को रोका जा सके।