कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित श्री हनुमंत कथा के द्वितीय दिवस के अनुष्ठान के उपरांत सौजन्य भवन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस विशेष अवसर पर उपस्थित मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने बागेश्वर महाराज का भावभीना सत्कार किया। आस्था के इस संगम के बीच महाराजश्री को शक्तिस्वरूपा माँ दुर्गा का पावन चित्र, पारंपरिक अंगवस्त्र एवं विधिवत पूजन सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया।


मंत्रिमंडल के साथ सहभोज, धार्मिक व सामाजिक विषयों पर गहरा संवाद

अभिनंदन समारोह के पश्चात बागेश्वर महाराज ने उपस्थित मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ रात्रिभोज में सहभागिता की। अत्यंत आत्मीय, गरिमामयी और सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजित इस रात्रिभोज के दौरान सनातन परंपरा, धर्म संस्कृति, जनसेवा और आध्यात्मिक विषयों पर विस्तार से संवाद हुआ। कथा के सफल आयोजन और पश्चिम बंगाल में श्रद्धालुओं के उत्साह को लेकर भी चर्चा हुई।


पर्ची के आग्रह पर बोले बाबा- 'सीएम हाउस में लगे एक दिन का दिव्य दरबार'

रात्रिभोज के दौरान माहौल उस समय रोचक हो गया जब मंत्रिमंडल के एक सदस्य ने बागेश्वर सरकार से अपने संबंध में पर्चा निकालने (पर्ची देखने) का अनौपचारिक आग्रह किया। इस पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सहज और रोचक अंदाज में मुस्कुराते हुए कहा कि इसके लिए तो एक दिन का दिव्य दरबार सीधे सीएम हाउस में ही लगाया जाना चाहिए। उनके इस हाजिरजवाब और सधे हुए वक्तव्य के बाद समूचा कक्ष ठहाकों और उल्लास से भर गया। कोलकाता प्रवास के दौरान बागेश्वर सरकार का यह आत्मीय मिलन राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही हलकों में खासी चर्चा का केंद्र बना हुआ है।