छतरपुर। छतरपुर के चर्चित MCX मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत ने कर्ज के दलदल में धकेलकर एक व्यक्ति को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका को सिरे से खारिज कर दिया है। न्यायालय ने अपने आदेश में बेहद गंभीर और कड़वी टिप्पणियां करते हुए स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में अग्रिम जमानत का लाभ देकर समाज में गलत संदेश नहीं दिया जा सकता।
जमानत खारिज करते हुए न्यायालय ने अपने आदेश में मुख्य रूप से ये बड़ी बातें लिखी हैं-
- सीधा साक्ष्य मिलना आसान नहीं: अदालत ने अपने आदेश में लिखा कि जिस प्रकार के लेन-देन और संव्यवहार के कारण मृतक द्वारा आत्महत्या जैसा कदम उठाया जाना बताया गया है, ऐसे मामलों में सीधा साक्ष्य (Direct Evidence) प्राप्त हो पाना आसान नहीं होता। इसके लिए मामले की गहराई से जांच जरूरी है।
- प्रथम दृष्टया आरोपी निर्दोष नहीं: केस डायरी और सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) की जांच का हवाला देते हुए कोर्ट ने टिप्पणी की कि मामले में प्रथम दृष्टया (First Sight) आरोपियों की निर्दोषिता प्रकट नहीं होती। बल्कि रिकॉर्ड से यह साफ संभव प्रतीत होता है कि कर्ज की मांग को लेकर आरोपियों द्वारा मृतक पर लगातार अत्यधिक मानसिक दबाव बनाया गया, जिससे तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।
- आरोपियों से पूछताछ और जांच में सहयोग जरूरी: न्यायालय ने सख्त लहजे में कहा कि मामले में पुलिस विवेचना (जांच) अभी पूरी नहीं हुई है। घटना से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण तथ्य ऐसे हो सकते हैं, जिनकी सही जानकारी केवल आरोपियों से ही पूछताछ करके प्राप्त की जा सकती है। ऐसी परिस्थितियों में आरोपियों को अग्रिम जमानत का कवच देने के बजाय, उन्हें स्वयं उपस्थित होकर जांच में पुलिस का सहयोग करना चाहिए ताकि सत्य सामने आ सके।
- साक्ष्यों से छेड़छाड़ और गवाहों को प्रभावित करने की आशंका: अदालत ने आदेश में साफ लिखा कि यदि ऐसे गंभीर मामले में आरोपियों को अग्रिम जमानत का लाभ दे दिया जाता है, तो इस बात से बिल्कुल इनकार नहीं किया जा सकता कि वे बाहर आकर मामले के महत्वपूर्ण गवाहों (साक्षीगण) को डराएंगे-धमकाएंगे या साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने का भरसक प्रयास करेंगे।
- अग्रिम जमानत केवल अपवादिक स्थितियों के लिए: उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के पुराने फैसलों (न्याय दृष्टांतों) का संदर्भ देते हुए आदेश में स्पष्ट किया गया कि अग्रिम जमानत का कानून केवल अपवादिक परिस्थितियों के लिए है, जहां किसी को दुर्भावनापूर्वक झूठा फंसाया गया हो। कोर्ट को केवल कागजी दलीलें नहीं, बल्कि अपराध की प्रकृति, आरोपियों का कृत्य, और समाज पर पड़ने वाले उसके गंभीर दुष्प्रभावों को देखना आवश्यक है।
यह था पूरा मामला:
उल्लेखनीय है कि ओरछा रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजेश अग्रवाल नामक व्यक्ति ने आरोपियों द्वारा दिए गए कर्ज और उसकी वसूली के लिए मिल रही लगातार धमकियों से परेशान होकर सुसाइड कर लिया था। मृतक ने अपने सुसाइड नोट में इन प्रताड़नाओं का स्पष्ट जिक्र किया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 108, 61(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया था। मृतक की पत्नी ने भी कोर्ट में लिखित आपत्ति दर्ज कराई थी कि उसका पति ही घर में एकमात्र कमाने वाला था और आरोपियों ने उसे जबरन मौत के मुंह में धकेला है। अदालत ने इन्हीं सभी पहलुओं को बेहद गंभीर मानते हुए सभी आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका को पूरी तरह निरस्त कर दिया है।



