मऊरानीपुर। आज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मऊरानीपुर परिसर में बुंदेलखंड विकास निधि के अंतर्गत 21 लाख रुपये की लागत से एपेक्स कार्य का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डॉ. रश्मि आर्य पप्पू सेठ रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक डॉ. रश्मि आर्य पप्पू सेठ, प्राचार्य अवध किशोर गुप्ता, मोहन परिवार, रामस्वरूप मिश्रा, दीपक बादल सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि शिक्षा रूपी चाबी से सफलता रूपी हर ताले को खोला जा सकता है।विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। निरंतर प्रयास करने वाले विद्यार्थियों को सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर के शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और बड़ों का सम्मान करने की सीख भी दे रहे हैं। विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों की सराहना करते हुए छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।उन्होंने कहा कि मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वह लगातार प्रयास कर रही हैं। क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।


छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया

विधायक डॉ.रश्मि आर्य ने सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि “शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कार के साथ राष्ट्र प्रेम, यही हमारे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।” आज की gen_Z केवल नई तकनीक और नए विचारों की पीढ़ी नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने वाली पीढ़ी भी है। युवा मन में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और देश के प्रति जिम्मेदारी का भाव देखकर मन प्रसन्न हुआ। ऐसे संवाद हमारे बच्चों को अपने सपनों के साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ते हैं। हम मिलकर ऐसी युवा पीढ़ी का निर्माण करें जो संस्कारों में मजबूत, विचारों में आधुनिक और राष्ट्रप्रेम में सबसे आगे हो।