जबलपुर, अनुराग शुक्ला। महिलाओं को शादी का झांसा देकर उनका शारीरिक शोषण करने और अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रुपए वसूलने वाले एक शातिर आरोपी को जबलपुर पुलिस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स पर अलग-अलग नामों और फर्जी पहचान के साथ सक्रिय रहकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था।


महिला थाना पुलिस के अनुसार एक पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने स्वयं को सफल व्यवसायी बताकर उससे संपर्क किया और विश्वास जीतने के बाद शादी का प्रस्ताव रखा। शादी का भरोसा दिलाकर उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में निजी फोटो एवं वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।


पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसों की मांग की। लगातार मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न दस्तावेजों में अलग-अलग नाम दर्ज मिले। इससे स्पष्ट हुआ कि वह अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर लोगों को धोखा देता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी कई महिलाओं को इसी तरह अपना शिकार बनाया है।


मामले की जांच में साइबर सेल की मदद ली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन बेंगलुरु में ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर लाया गया है।


फिलहाल महिला थाना पुलिस और साइबर टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितनी महिलाओं को ठगी और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाया तथा इस तरीके से कितनी रकम वसूली है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई और पीड़ितों तथा बड़े नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।


पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल साइट्स पर सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।