नई दिल्ली। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले 26 वर्षों में हमारे राज्य ने अनेक चुनौतियों और संभावनाओं के बीच अपनी एक विशिष्ट विकास यात्रा तय की है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में कहा, "उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी अमर राज्य आंदोलनकारियों को कोटि-कोटि नमन एवं समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"
उन्होंने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री एवं 'भारत रत्न' अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व, संवेदनशील दृष्टिकोण और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के परिणामस्वरूप उत्तराखंड को पृथक राज्य का स्वरूप प्राप्त हुआ। पिछले 26 वर्षों में हमारे राज्य ने अनेक चुनौतियों और संभावनाओं के बीच अपनी एक विशिष्ट विकास यात्रा तय की है। आज उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना, प्राकृतिक संपदा और मानवीय सामर्थ्य के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है।"
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, "प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हमारी सरकार विकास और विरासत के समन्वय के साथ प्रदेश की अंतर्निहित क्षमताओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पबद्ध है। हमारा प्रयास है कि विकास की धारा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, युवाओं को अवसरों का विस्तार मिले, मातृशक्ति आत्मनिर्भर बने, किसान समृद्ध हों और सीमांत क्षेत्रों में विकास एवं आजीविका के नए आयाम स्थापित हों।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारा संकल्प केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि ऐसा उत्तराखंड निर्मित करना है, जो आर्थिक रूप से सशक्त, सामाजिक रूप से समावेशी, पर्यावरण की दृष्टि से संतुलित और सांस्कृतिक रूप से अपनी जड़ों से जुड़ा हो। पूर्ण विश्वास है कि प्रदेशवासियों की सामूहिक शक्ति, जनसहभागिता और अटूट संकल्प से हम राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए एक विकसित उत्तराखंड का निर्माण करेंगे।"
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, "अनुपम प्राकृतिक छटा, समृद्ध लोक-संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और वीरता की गौरवशाली परंपरा से देश की सांस्कृतिक चेतना को निरंतर आलोकित करने वाले उत्तराखंड राज्य के स्थापना दिवस की समस्त उत्तराखंड वासियों को हार्दिक बधाई।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह राज्य प्रगति के नित नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। बाबा श्री केदारनाथ जी से प्रार्थना है कि 'देवभूमि' समृद्धि और सुशासन के पथ पर सदैव अग्रसर रहे।"
















