छतरपुर, विनोद मिश्रा। उत्तर प्रदेश पुलिस में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर की पत्नी की छतरपुर के मिशन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जहरीला पदार्थ खाने के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की मौत के बाद देर रात मिशन हॉस्पिटल परिसर में कुछ देर हंगामे की स्थिति भी बनी। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आज जिला अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर जिले के जहानाबाद निवासी संगीता देवी राजपूत (28) का विवाह 7 जुलाई 2024 को महोबा जिले के टीकारिया निवासी अनोज कुमार राजपूत से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। अनोज कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ हैं और इटावा जिले के जैतपुर क्षेत्र में ड्यूटी पर बताए जा रहे हैं।
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही संगीता को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक 5 सितंबर को भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए थे। सूचना मिलने पर संगीता के पिता योगेंद्र राजपूत और भाई हिमांशु ससुराल पहुंचे थे। दोनों पक्षों को समझाने के बाद उस समय मामला शांत हो गया था।
परिजनों के अनुसार 7 सितंबर को संगीता के साथ दोबारा विवाद और प्रताड़ना हुई, जिसके बाद उसने घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद संगीता ने फोन कर मायके वालों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे इलाज के लिए नौगांव ले गए। उपचार के बाद उसे घर ले जाया गया, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे छतरपुर के मिशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
संगीता की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग मिशन हॉस्पिटल पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच तथा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मृतका के भाइयों धर्मेंद्र और हिमांशु ने पुलिस कंट्रोल रूम एवं डायल-112 पर सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।
अस्पताल में देर रात हंगामे का आरोप
मृतका के भाई हिमांशु ने आरोप लगाया कि रात में संगीता के पति अनोज कुमार द्वारा कुछ लोगों को अस्पताल बुलाया गया था, जिसके बाद मिशन हॉस्पिटल परिसर में कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी। परिजनों ने संगीता की मौत के लिए उसके पति और सास को जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मायके पक्ष ने यह भी दावा किया कि संगीता की शादी में परिवार ने करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे और शादी धूमधाम से की गई थी। इसके बावजूद शादी के बाद से उसे प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही संगीता की मौत की वास्तविक वजह तथा मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




