इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर में गहराते पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को अनोखा प्रदर्शन करते हुए नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने खाली मटकों पर शहर के जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें चस्पा कर “इंदौर की जनता प्यासी है” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने आरोप लगाया कि पहले शहरवासियों को जहरीला पानी देकर कई लोगों की जान खतरे में डाली गई और अब हालात यह हैं कि लोगों को पर्याप्त पानी तक नहीं मिल पा रहा है। महिलाओं का कहना था कि भीषण गर्मी में जनता पानी के लिए परेशान है, लेकिन जनप्रतिनिधियों पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा।
कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग राजबाड़ा क्षेत्र से जुलूस के रूप में नगर निगम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान हाथों में खाली मटके लेकर प्रदर्शनकारियों ने महापौर और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। नगर निगम गेट पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने मटके फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की हुज्जत भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने “महापौर इस्तीफा दो” के नारे लगाते हुए शहर में नियमित और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जल संकट का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

