दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले की बटियागढ़ थाना पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घनश्यामपुरा गांव से चोरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली के मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बटियागढ़ और सागर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चुराए गए कुल 24 लाख 80 हजार रुपये मूल्य के वाहन (2 ट्रैक्टर, 1 ट्रॉली और 1 पिकअप) बरामद किए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दमोह पुलिस अधीक्षक (SP) आनंद कलादगि ने इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार, फरियादी आशीष जैन पिता राजकुमार जैन, निवासी घनश्यामपुरा (बटियागढ़) की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदेहियों को चिन्हित कर दबिश दी और आरोपी टीकाराम अहिरवार एवं नीलेश अहिरवार दोनों निवासी जिला सागर को धर दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ में खुले अन्य राज
पुलिस की सघन पूछताछ में आरोपियों ने घनश्यामपुरा से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने का जुर्म स्वीकार किया। इसके साथ ही उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सागर जिले से चुराए गए एक अन्य ट्रैक्टर और पिकअप वाहन को भी बरामद कर लिया। बरामद किए गए वाहनों की कुल कीमत लगभग 24.80 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के अन्य नेटवर्क और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है।




