न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में दो पब्लिक सेफ्टी ऑफिसर्स को गोली मार दी गई, जबकि संदिग्ध हमलावर बाद में एक अपार्टमेंट के अंदर मृत पाया गया।न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (एनवाईपीडी) ने पुष्टि की है कि दोनों पीड़ित 'को-ऑप सिटी डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी' के अधिकारी थे। यह एक निजी सुरक्षा बल है जो ब्रोंक्स स्थित आवासीय परिसर की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है। घटना सोमवार रात (स्थानीय समयानुसार) की है।
पुलिस के अनुसार, घायल दोनों अधिकारियों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
संदिग्ध हमलावर, जो 56 वर्षीय व्यक्ति था, बाद में ब्रोंक्स के एक अपार्टमेंट में मृत पाया गया। पुलिस का कहना है कि ऐसा लगता है कि उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।
गोलीबारी के बाद खबर मिली कि एक हथियारबंद संदिग्ध ने खुद को रिहायशी इमारत के अंदर बंद कर लिया है। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर इमरजेंसी रेस्पॉन्स शुरू हुआ और अधिकारियों ने इमारत को सुरक्षित करने के लिए मोर्चा संभाल लिया।
गोलीबारी की घटना की जांच चल रही है और पुलिस उन परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है जिसमें दो लोगों को निशाना बनाया गया।
इस बीच, आवासीय परिसर के आपातकालीन डिस्पैचरों ने बताया कि उनके पास गोलीबारी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। जब इस परिसर के प्रबंधन से जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने सभी सवालों के लिए न्यूयॉर्क पुलिस विभाग से संपर्क करने को कहा।
'को-ऑप सिटी' ब्रोंक्स में स्थित एक बहुत बड़ा आवासीय परिसर है। इसे 1960 और 1970 के दशक में बनाया गया था, जिसका उद्देश्य न्यूयॉर्क शहर के निवासियों को किफायती और मध्यम आय वर्ग के लिए आवास उपलब्ध कराना था।
इस बड़े आवासीय परिसर में 15,300 से अधिक को-ऑपरेटिव अपार्टमेंट हैं, जो कई ऊंची इमारतों और टाउनहाउस में फैले हुए हैं।
यहां लगभग 50,000 लोग रहते हैं, जो इसे शहर के प्रमुख आवासीय समुदायों में से एक बनाता है।
गोलीबारी की घटना के बाद, इस घनी आबादी वाले आवासीय परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया।




