छतरपुर, विनोद मिश्रा। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) पर गठेवरा और बृजपुरा के बीच स्थित बीपी अग्रवाल धर्मकांटे के सामने अव्यवस्थित और अवैध पार्किंग के चलते गंभीर हादसों का खतरा गहरा गया है। धर्मकांटे के बाहर मुख्य हाईवे की पटरियों पर बेतरतीब खड़े दर्जनों भारी ट्रकों की वजह से यातायात लगातार बाधित हो रहा है। शनिवार को इसी लापरवाही के कारण गलत दिशा में मुड़ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया, वहीं इसके कुछ ही देर बाद इसी मार्ग से गुजर रहे सागर संभाग कमिश्नर का वाहन भी अचानक सामने आए ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बचा।
गलत दिशा में घुसने के प्रयास में खाई में पलटा ट्रक, ड्राइवर गंभीर रूप से घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को ट्रक क्रमांक (MP 09 HH 1712) नेशनल हाईवे पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ा और भारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जाकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सागर कमिश्नर का वाहन बाल-बाल बचा, पीछे से गुजरा कलेक्टर-एसपी का काफिला
ट्रक पलटने की घटना के कुछ ही समय बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खजुराहो कार्यक्रम से लौट रहे सागर संभाग कमिश्नर का काफिला भी इसी मार्ग से गुजर रहा था। तभी हाईवे किनारे अवैध तरीके से खड़े एक अन्य ट्रक के चालक ने बिना कोई इंडिकेटर या सिग्नल दिए अचानक वाहन स्टार्ट कर सीधे सड़क पर बढ़ा दिया। अचानक भारी वाहन के सामने आने से कमिश्नर का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचा। काफिले के सुरक्षाकर्मियों और पायलट वाहन चालक ने तत्काल ट्रक को रुकवाकर चालक को कड़ी फटकार लगाई और हाईवे पर इस तरह की लापरवाही को जानलेवा बताया। गनीमत रही कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। इस घटना के महज 5 से 7 मिनट बाद छतरपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक का वाहन भी उसी मार्ग से गुजरा।
पार्किंग व्यवस्था न होने से हाईवे पर खड़े हो रहे ट्रक, स्थानीय लोगों में रोष
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों का कहना है कि धर्मकांटे के आसपास लंबे समय से भारी ट्रकों का अवैध जमावड़ा रहता है। धर्मकांटा परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण चालक अपने भारी वाहन मुख्य मार्ग पर ही खड़े कर देते हैं। साथ ही डिवाइडर कट से गलत दिशा में मुड़ने की होड़ में रोजाना जानलेवा स्थितियां निर्मित हो रही हैं। क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि NH-39 पर धर्मकांटे के सामने हो रही अवैध पार्किंग को तत्काल बंद कराया जाए और दोषी प्रबंधकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े जानलेवा हादसे को टाला जा सके।




