मैहर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहाड़ी के पास नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरपाटन निवासी एक परिवार अपने एक परिजन को रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। सभी लोग बोलेरो वाहन से वापस अमरपाटन लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम पहाड़ी के समीप तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में जुली पटेल (7 वर्ष), पिता उमेश पटेल, निवासी अमरपाटन तथा भूपेन्द्र पटेल (70 वर्ष), पिता मुन्ना पटेल, निवासी अमरपाटन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार अन्य आठ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि बोलेरो में 10 से अधिक लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।