भोपाल, जीतेन्द्र यादव। कोलार क्षेत्र में सीलिंग की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। कार्रवाई के विरोध में कोलार के व्यापारियों ने एकजुट होकर क्षेत्र में बंद रखा। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग सड़क पर उतरे और सर्वधर्म क्षेत्र से डी-मार्ट तक शांतिपूर्ण जुलूस निकाला।
व्यापारियों का कहना है कि सीलिंग की कार्रवाई से उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसी के विरोध में व्यापारियों ने अपनी एकजुटता दिखाते हुए प्रतिष्ठान बंद रखे और शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें और आपत्ति दर्ज कराई।
जुलूस के दौरान व्यापारियों ने सीलिंग की कार्रवाई को लेकर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। व्यापारियों ने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
व्यापारियों का कहना है कि वे नियमों का पालन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन कार्रवाई से पहले उनकी समस्याओं और व्यावहारिक परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।




