मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच आगे बढ़ रही है। इस मामले में गिरफ्तार 13 आरोपियों में से छह की पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद उन्हें मकोका कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि आरोपी सुनेहा पंडित को 21 नवंबर तक क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेजने का आदेश दिया।मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने सुनेहा पंडित समेत छह आरोपियों को अदालत में पेश किया। पुलिस ने सुनेहा से पूछताछ के लिए छह दिन की कस्टडी मांगी थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान पैसों के लेनदेन और आरोपियों के बीच संबंधों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। इन जानकारियों की जांच के लिए सुनेहा से पूछताछ जरूरी है।

पुलिस के मुताबिक, सुनेहा पंडित फरार आरोपी अभिषेक की पत्नी है। जांच में सामने आया है कि अभिषेक विदेश से इस पूरे नेटवर्क के बैंक खातों को संभालता था। पुलिस को शक है कि टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए भी इसी नेटवर्क के एक बैंक खाते से पैसे भेजे गए थे। इसके अलावा सुनेहा के पास भी पैसे आने की जानकारी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाना चाहती है कि उसे किसने और किस मकसद से पैसे भेजे थे।

जांच एजेंसी के अनुसार, इस पूरे मामले में 20 से ज्यादा क्यूआर कोड का इस्तेमाल करके पैसों का लेनदेन किया गया। पुलिस को उन लोगों से भी पूछताछ करनी है, जिनके क्यूआर कोड के जरिए पैसे भेजे और प्राप्त किए गए। जांच में कुछ वेंडर्स के खातों में भी पैसे भेजे जाने की बात सामने आई है। पुलिस को शक है कि इन वेंडर्स के क्यूआर कोड का इस्तेमाल लेनदेन के लिए किया गया था। अब जांच की जा रही है कि इन लोगों को किस काम के लिए पैसे दिए गए।

18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने के बाद टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर कई राउंड गोलियां चलाई गई थीं। इस घटना में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक राकेश घायल हुए थे। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी। जांच के दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एंगल की भी पड़ताल की गई। पुलिस ने इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच आगे बढ़ने के साथ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की धाराएं भी जोड़ी गईं।