छतरपुर, विनोद मिश्रा। बारात से लौट रहे तीन युवक गुरूवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गए। घटना सुबह करीब 10 बजे बसारी के पास हुई, जब बाइक चला रहे युवक को अचानक नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।


जानकारी के अनुसार संकट मोचन निवासी सुनील अहिरवार (19), राहुल अहिरवार (22) और लखन अहिरवार (24) पन्ना जिले के पहारी गांव में एक बारात में शामिल होकर छतरपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बसारी के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे बाइक सड़क पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण बाइक चालक को आई नींद की झपकी माना जा रहा है।