निशिन। एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर भारतीय क्रिकेट टीम के गोल्ड मेडल जीतने पर ईशान किशन ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे देश की है। ईशान ने अपना गोल्ड मेडल सभी भारतीयों को समर्पित किया और कहा कि मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट में मिली सफलता हर उस व्यक्ति की होती है, जिसने खिलाड़ियों का समर्थन और हौसला बढ़ाया है।शनिवार को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में हुए फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर भारत ने एशियन गेम्स में पुरुषों की क्रिकेट स्पर्धा का गोल्ड मेडल बरकरार रखा। इसके साथ ही, इस महाद्वीपीय इवेंट में भारत को 19वां गोल्ड मेडल मिला। मैच के बाद ईशान किशन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से ​​बातचीत करते हुए कहा, "यह बहुत अहम है क्योंकि जैसा कि मैंने अभी कहा कि जब हम मेडल जीतते हैं, खासकर एशियन गेम्स में तो यह सिर्फ हमारी जीत नहीं होती, बल्कि पूरे भारत की जीत होती है। हर कोई जीतता है, क्योंकि हमने सभी के आशीर्वाद के साथ खेला और यह मैच जीता। इसी वजह से जाहिर है कि यह बहुत अच्छा एहसास है।"

उन्होंने आगे कहा, "यह पूरे भारत की जीत है। जैसा कि मैंने कहा, जब आप एशियाई खेल खेलते हैं या ओलंपिक में जाते हैं, तो यह कभी इस बारे में नहीं होता कि आपने क्या अच्छा किया और जीत हासिल की। ​​यह पूरे भारत की जीत है और मैं हमेशा चाहूंगा कि हम जो भी जीतें, उसका आनंद पूरा भारत ले।"

श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में जीत दिलाने वाली टीम के साथ ही उतरी श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 211/6 का स्कोर खड़ा किया। इसमें बाएं हाथ के बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा (61) और तिलक वर्मा (51) की आक्रामक हाफ-सेंचुरी का अहम योगदान रहा, जबकि शिवम दुबे ने भी 27 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।

पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा मजबूती से शुरू किया, लेकिन भारत ने अहम मौकों पर विकेट चटकाए। हालांकि, हसन नवाज ने हार नहीं मानी और 51 गेंदों में शानदार 96 रन बनाकर पाकिस्तान को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि, पाकिस्तान की टीम लक्ष्य से 19 रन दूर रह गई। वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लेकर भारत को यादगार जीत दिलाई।

ईशान किशन के पिता प्रणव कुमार पांडे ने टीम इंडिया के चैंपियन बनने पर 'आईएएनएस' से बात करते हुए कहा, "यह सभी खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। सभी ने बहुत मेहनत की और हमें जीत मिली। वे सभी बधाई के पात्र हैं। क्रिकेट एक टीम गेम है, इसलिए हम इसका श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं दे सकते। सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी-अपनी भूमिकाओं में जिम्मेदारी निभाई। जब भी टीम को जरूरत पड़ी, सभी खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ खड़े रहे।"

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर पहुंचे पर्यटक रोहित अग्रवाल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी और उसके बाद तिलक वर्मा ने भी पाकिस्तान के गेंदबाजों की खूब धुनाई की। रोहित ने कहा कि पाकिस्तान का बड़े टूर्नामेंट्स में भारत के खिलाफ हार का सिलसिला जारी रहा। रोहित के अनुसार, पाकिस्तान के खिलाफ भारत अजेय रहा है और आगे भी अजेय ही रहेगा।