छतरपुर, रोहित पाठक। छतरपुर के बागेश्वर धाम से ग्यारह तारीख को तीसरी हिंदू सनातन एकता रथ यात्रा शुरू होने जा रही है। इस यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि यह यात्रा गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम से आरंभ होकर बमीठा और चंद्रनगर होते हुए पन्ना सहित बुंदेलखंड के अन्य जिलों तक जाएगी। पंद्रह तारीख को भव्य यज्ञ के साथ इसका समापन होगा।
पुलिस के अनुसार पहले आयोजित पैदल यात्राओं और आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, इसलिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जोन और अन्य जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया जा सकता है। एसपी ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा वाहनों के माध्यम से आयोजित होगी और इसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
इसके अलावा पुलिस-प्रशासन ने छतरपुर रेलवे स्टेशन के ग्राउंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति के साथ व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस और प्रशासन का प्रयास है कि यह यात्रा और उससे जुड़े धार्मिक कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।














