श्योपुर, उत्तम रावत। श्योपुर जिले की ग्राम पंचायत अरोदर्री में शासकीय प्राथमिक विद्यालय भवन के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग की देखरेख में लगभग 43.26 लाख रुपये की लागत से इस स्कूल भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी गुणवत्ता को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
अरोदर्री के अतिथि शिक्षक रवि रावत ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का जायजा लिया और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का खुलासा किया। आरोप है कि नियमों और तकनीकी मापदंडों को ताक पर रखकर नींव की पर्याप्त गहराई तक खुदाई किए बिना ही सीधे फाउंडेशन का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही निर्माण में प्रयुक्त हो रही रेत, सीमेंट और अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता भी बेहद निम्न स्तर की बताई जा रही है।
मौके से बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें निर्माण कार्य की बदहाली और खामियों को साफ देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
लाखों रुपये के शासकीय बजट से बनने वाले इस शैक्षणिक भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने और निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग मौके पर टीम भेजकर कब तक जांच पूरी करता है और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।




