भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के आईएसबीटी बस टर्मिनल पर भीषण आग लगने से वर्मा ट्रेवल्स की 8 बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना के समय टर्मिनल पर 50 से अधिक बसें खड़ी थीं, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए आसपास खड़ी सभी बसों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया।
बसों में होते रहे धमाके, बाल-बाल बचे यात्री
जिस वक्त आग लगी, बसों में कोई भी यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बसों के बीच-बीच में जोरदार ब्लास्ट होते रहे। वर्मा ट्रेवल्स के मालिक दीपक वर्मा के अनुसार, शुरुआत में दो से तीन गाड़ियों में आग लगी थी, जिसने बाद में विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में कुल 4 से 5 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
15-20 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 15 से 20 गाड़ियां 15-20 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचीं। करीब 10 से 12 टीमों ने मिलकर एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच, बुकिंग्स की गईं कैंसिल
गोविंदपुरा एसीपी अदिति भावसार ने बयान जारी कर बताया कि आग लगने का कारण अभी अज्ञात है और कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं ट्रैवल्स मालिक का कहना है कि उनकी किसी से कोई बुराई नहीं है। प्रभावित बसें अहमदाबाद और सूरत जैसे रूटों पर जाने वाली थीं, जिनकी सभी यात्रियों की बुकिंग्स निरस्त कर दी गई हैं।













