शिवपुरी, रोहित पाठक। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने करेरा स्थित प्रसिद्ध एवं प्राचीन बगीचा हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित भगवान सीताराम के दरबार में मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया।


उल्लेखनीय है कि बगीचा हनुमान मंदिर क्षेत्र के प्रमुख प्राचीन धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। हाल ही में मंदिर परिसर में भगवान सीताराम का नया दरबार भी स्थापित किया गया है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर के आगमन की खबर मिलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। वहां मौजूद सैकड़ों भक्तों ने जय श्रीराम के जोरदार जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया।