नई दिल्ली। अमेरिकी दिग्गज गायिका और अभिनेत्री डॉली पार्टन का 80 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद संगीत की दुनिया से लेकर अमेरिकी राजनीति तक शोक की लहर है। हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। इसी कड़ी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी डॉली पार्टन को श्रद्धांजलि दी और उन्हें महान कलाकार बताया। ट्रंप ने उनके सम्मान में पूरे अमेरिका में एक हफ्ते तक अमेरिकी झंडे को आधा झुकाए रखने का आदेश दिया है।ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर डॉली पार्टन के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, ''यह बताते हुए दुख हो रहा है कि डॉली पार्टन, जो अब तक की सबसे महान कंट्री गायिकाओं में से एक थीं, का निधन हो गया है। उनके जैसी कलाकार न कभी हुई हैं और न कभी होंगी। उनके सम्मान में, एक हफ्ते के लिए पूरे यूनाइटेड स्टेट्स में अमेरिकन झंडा झुका रहेगा। रेस्ट इन पीस, डॉली! दुनिया तुमसे प्यार करती है।''

ट्रंप के आदेश के मुताबिक, पूरे अमेरिका में झंडे आधे झुके रहेंगे। यह सम्मान एक सप्ताह तक जारी रहेगा। इस दौरान सरकारी इमारतों और अन्य प्रमुख स्थानों पर अमेरिकी झंडे को आधा झुकाकर डॉली पार्टन को श्रद्धांजलि दी जा रही है।

डॉली पार्टन का म्यूजिक करियर करीब सात दशक तक चला। टेनेसी के एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अमेरिकी कंट्री म्यूजिक में अपनी ऐसी जगह बनाई, जिसे हासिल करना आसान नहीं था। 1967 में उनका पहला एल्बम 'हैलो, आई एम डॉली' रिलीज हुआ था। इसके बाद उन्होंने 'जोलीन', '9 टू 5', 'कोट ऑफ मेनी कलर्स' और 'आई विल ऑलवेज लव यू' जैसे गाने दिए, जो आज भी दुनिया भर में सुने जाते हैं।

डॉली ने फिल्मों और टीवी में भी काम किया और एक सफल अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान बनाई। '9 टू 5', 'स्टील मैग्नोलियाज' और 'द बेस्ट लिटिल व्होरहाउस इन टेक्सास' जैसी फिल्मों में उनके काम को पसंद किया गया। म्यूजिक और एक्टिंग के साथ उन्होंने बिजनेस और समाजसेवा में भी बड़ा योगदान दिया।

डॉली पार्टन ने बच्चों में पढ़ने की आदत बढ़ाने के लिए 'इमेजिनेशन लाइब्रेरी' अभियान शुरू किया, जिसके जरिए बड़ी संख्या में बच्चों तक किताबें पहुंचाई गईं। कोविड-19 वैक्सीन रिसर्च के दौरान भी उन्होंने वेंडरबिल्ट यूनिवर्सिटी को 10 लाख डॉलर का दान दिया था।