पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। विद्युत वितरण केंद्र बम्हौरीकलां के कनिष्ठ अभियंता कार्यालय से कंप्यूटर सहित अन्य सामान चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 45 हजार रुपए कीमत का कंप्यूटर सेट और वारदात में प्रयुक्त करीब 50 हजार रुपए कीमत की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को प्रशिक्षण कनिष्ठ अभियंता हनरारायण अहिरवार ने कार्यालय से कंप्यूटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत पर बम्हौरीकलां पुलिस ने अपराध क्रमांक 157/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मयंक उर्फ मिट्ठू रैकवार (19), मनमोहन उर्फ राजा रैकवार (19) और अमित रैकवार (22), सभी निवासी गांधीगंज मझगुआपुर, जिला झांसी, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सीपीयू, मॉनिटर, की-बोर्ड व माउस सहित पूरा कंप्यूटर सेट बरामद किया गया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक UP93CE9384 भी जब्त की गई।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी नीतू खटीक, उनि आकाश रुसिया, साइबर सेल के उनि मयंक नायडू, प्रआर. रहमान, प्रआर. 386 मुकेश राय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




