टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। बड़ागांव में अमर शहीद नारायण दास खरे के स्मारक की भूमि और सीमांकन को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने आरोप लगाया कि स्मारक के आसपास की भूमि का सीमांकन कर स्मारक को प्रभावित करने की तैयारी की जा रही है और छेड़छाड़ होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं, पूर्व भाजपा विधायक राकेश गिरि ने कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि सीमांकन शहीद स्मारक की भूमि का नहीं, बल्कि खसरा नंबर 137 की जमीन का हुआ है।


राकेश गिरि के अनुसार, शहीद स्मारक खसरा नंबर 136 की भूमि पर स्थित है, जबकि सीमांकन वाली भूमि खसरा नंबर 137 है, जिसे उन्होंने आईएएस अधिकारी बीएन यादव और उनके परिवार की पैतृक निजी संपत्ति बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी भूमि पर अवैध निर्माण के चलते राजस्व विभाग ने सीमांकन की कार्रवाई की है।


विवाद बढ़ने के बाद टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने प्रशासन का पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रतिमा, बाउंड्री या परिसर से कब्जा हटाने का कोई मामला अथवा आवेदन प्रशासन के समक्ष नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहीद नारायण दास खरे की प्रतिमा और स्मारक परिसर पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा उन्हें किसी भी तरह प्रभावित नहीं किया जा रहा है।


कलेक्टर ने कहा कि जिले की ऐतिहासिक धरोहरों और गौरव से जुड़े स्थलों का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता है। फिलहाल प्रशासन सीमांकन की कार्रवाई को सामान्य राजस्व प्रक्रिया बता रहा है, जबकि कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप के चलते मामला राजनीतिक रूप ले चुका है।