छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के रसुईया गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम खडगांय निवासी पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत आवेदन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।


शिकायत के मुताबिक ईसानगर रोड स्थित खेत और मकान के पास जमीन पर लगे पेड़ और तारबारी को कुछ लोग हटाने लगे थे। पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में धनीराम अहिरवार को सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।


बीच-बचाव करने पहुंची पीड़ित की बुजुर्ग मां के साथ भी कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट की गई, जिससे वह भी घायल हो गईं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी उन्हें शिकायत और केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं तथा जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।


पीड़ितों ने आवेदन में बहादुर सिंह, नरेंद्र सिंह, माधो सिंह और शैलू सिंह सहित अन्य लोगों पर धमकाने के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उनमें भय का माहौल है। पीड़ितों ने एसपी से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है।