गुनौर, जीतेन्द्र रजक। पन्ना जिले के गुनौर थाना क्षेत्र के ग्राम गुन्दौरा में चोरों ने बेहद शातिर तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बीती रात साहब सिंह राजपूत के घर में पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने घर के दूसरे कमरे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और नकदी, सोने-चांदी के जेवर, लाइसेंसी बंदूक सहित लाखों रुपये का कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।


सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और कमरे की दीवार में सेंध लगी देख सभी के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।


सूचना मिलने पर गुनौर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गए सामान और आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी पड़ताल की जा रही है।


इस बड़ी चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी कर चोरी गए लाखों रुपये के सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।