भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल में मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी आवास में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोरों ने विधायक के सरकारी रेस्ट हाउस स्थित आवास में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया और वहां से पीए का लैपटॉप एवं नकदी चोरी कर ले गए।


जानकारी के अनुसार विधायक प्रदीप पटेल रेस्ट हाउस के खंड-3 के कमरा नंबर-74 में ठहरे हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को निशाना बनाया। चोरी हुआ लैपटॉप बेहद महत्वपूर्ण बताया जा रहा है, जिसमें विधानसभा से जुड़े कई जरूरी दस्तावेज और जानकारी सुरक्षित थी।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी। घटना के बाद सरकारी आवासों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।