सतना, अंबिका केशरी। शहर के खेरमाई रोड स्थित एक एसी और कूलर के गोदाम में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। चोरी की नीयत से गोदाम में घुसे चोरों में से एक आरोपी को इतनी गहरी नींद आ गई कि वह वारदात के दौरान ही गोदाम के अंदर सो गया। सुबह गोदाम खुलने पर संचालक ने उसे फर्श पर सोते हुए देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम को चोरों ने निशाना बनाया। गोदाम संचालक बिहारी मगनानी ने बताया कि चोर छत पर रखे एसी के आउटडोर यूनिट समेत करीब तीन लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात के दौरान एक आरोपी को नींद आ गई और वह गोदाम के भीतर ही फर्श पर लेटकर सो गया, जबकि उसके अन्य साथी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए।


सुबह जब गोदाम संचालक रोजाना की तरह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो अंदर एक युवक को सोता देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।


प्रारंभिक जांच में युवक के चोरी की वारदात में शामिल होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से उसके फरार साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।


इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे शहर में हो रही है। लोगों का कहना है कि चोरी करने आया आरोपी अपनी ही लापरवाही के कारण पुलिस के हत्थे चढ़ गया।