छतरपुर, संजय अवस्थी। नगर के वार्ड क्रमांक 16 स्थित सिंचाई कॉलोनी के पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पार्क में लगे पौधे और पेड़ उचित देखरेख के अभाव में सूख रहे हैं, वहीं पार्क का ताला भी अधिकांश समय बंद रहने से बच्चे, बुजुर्ग और स्थानीय नागरिक इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
पार्षद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी दिनेश तिवारी ने बताया कि पार्क के विकास के लिए कुछ कार्य किए गए थे तथा पौधारोपण भी कराया गया था, लेकिन बाद में न तो पौधों की सिंचाई की व्यवस्था की गई और न ही प्रकाश एवं साफ-सफाई पर ध्यान दिया गया। परिणामस्वरूप पार्क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि पार्क जनसुविधा के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन यहां पार्क हमेशा ताले में बंद रहता है। इससे क्षेत्र के बच्चों को खेलने और नागरिकों को सुबह-शाम टहलने की सुविधा नहीं मिल पा रही है। पार्क में लगे पौधों को भी समय पर पानी नहीं मिलने से वे सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं।
मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि पार्क की नियमित साफ-सफाई कराई जाए, पौधों की देखभाल सुनिश्चित की जाए तथा पार्क को प्रतिदिन निर्धारित समय पर खोला जाए। साथ ही पार्क में बैठने के लिए कुर्सियां, बच्चों के लिए झूले और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल मिल सके।
दिनेश तिवारी ने कहा कि पार्क घूमने और लोगों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए होते हैं, न कि ताले में कैद रखने के लिए। उन्होंने नगर पालिका से शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

