छतरपुर/घुवारा/शाहगढ़, रूपेन्द्र पाल, पुष्पेन्द्र यादव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बुंदेलखंड की धरती पर आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यादव महासभा के नेतृत्व में आयोजित भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बाइक रैली में हजारों बाइक और सैकड़ों चार पहिया वाहन शामिल हुए। पीले ध्वजों से सजे वाहनों के लंबे काफिले और युवाओं के जोशीले जयकारों से करीब 40 किलोमीटर तक पूरा क्षेत्र कृष्णमय नजर आया।


श्री राधा-कृष्ण मंदिर से हुआ रैली का शुभारंभ


रैली का शुभारंभ छतरपुर-सागर जिले की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध अवार माता मंदिर परिसर के श्री राधा-कृष्ण मंदिर से हुआ। मध्य प्रदेश शासन की महिला आयोग अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री रेखा यादव और सागर जिले के यादव समाज के नेता सुधीर यादव ने धर्मध्वजा दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया।


रैली में सबसे आगे डीजे पर भगवान श्रीकृष्ण के भक्ति गीत गूंज रहे थे। हजारों की संख्या में शामिल युवा 'बांके बिहारी लाल की जय' और 'श्रीकृष्ण भगवान की जय' के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। पीले ध्वजों से सजे वाहनों का काफिला जहां से भी गुजरा, वहां लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।


जेसीबी से पुष्पवर्षा बनी आकर्षण का केंद्र


रैली के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने बाइक सवारों और श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर जेसीबी मशीनों के जरिए पुष्पवर्षा की गई। जेसीबी पर चढ़कर लोगों द्वारा रैली पर फूल बरसाने का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा।


बमनोरा तिगड्डा पर समाजसेवी जाहर सिंह मारोत ने श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया। शिवपुरी में देवेन्द्र गीजर (दीपू) ने जलपान की व्यवस्था कर रैली में शामिल लोगों का स्वागत किया। वहीं सिमरिया में जनपद अध्यक्ष मनीष यादव 'चीकू भैया' ने जलपान और पुष्पवर्षा के साथ श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया।


हलाबानी, बमनोरा, शिवपुरी होते हुए पहुंची शाहगढ़


श्री राधा-कृष्ण मंदिर से रवाना हुई रैली हलाबानी, बमनोरा तिगड्डा, नरवा और शिवपुरी होते हुए शाहगढ़ पहुंची। शाहगढ़ के मेन बस स्टैंड से रैली बरायठा रोड, निबाही, कानीखेड़ी और बराज होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान बाइक सवारों ने करीब 40 से 42 किलोमीटर की यात्रा पूरी की।


हजारों बाइकों पर लहराते पीले ध्वज, युवाओं का जोश और लगातार गूंजते श्रीकृष्ण के जयकारों ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। रैली के वापस श्री राधा-कृष्ण मंदिर परिसर पहुंचने पर भव्य यात्रा का समापन हुआ।


मंचीय कार्यक्रम में शिक्षा और सामाजिक एकता पर जोर


रैली के समापन के बाद मंदिर परिसर में यादव महासभा के नेतृत्व में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। वक्ताओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों को याद करते हुए शिक्षा, सामाजिक एकता, संगठन और युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर जोर दिया।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल यादव महासभा का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे सनातन समाज और हर घर में आस्था एवं उल्लास का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को देशभर में श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाता है।


आस्था के साथ भाईचारे और एकता का संदेश


जन्माष्टमी के अवसर पर निकली इस विशाल बाइक रैली ने धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ सामाजिक एकता, संगठन और भाईचारे का संदेश दिया। हजारों युवाओं की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। रैली में उमड़ा जनसैलाब और पूरे मार्ग में गूंजते कृष्ण नाम के जयकारे लंबे समय तक क्षेत्रवासियों के बीच चर्चा का विषय बने रहने वाले हैं।