बक्सवाहा,राजू दुबे। छतरपुर मार्ग पर निर्माणाधीन डिवाइडर लगातार सड़क हादसों को न्योता दे रहा है। अधूरे और असुरक्षित तरीके से बन रहे डिवाइडर के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय राहगीरों और वाहन चालकों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक न तो डिवाइडर का निर्माण पूरा किया गया है और न ही कोई अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।


आज एक बार फिर इसी मार्ग पर हादसा हो गया। जयपुर से जबलपुर जा रहा एक ट्रक निर्माणाधीन डिवाइडर से टकरा गया। ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि या तो डिवाइडर का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए या फिर इसे पूरी तरह हटा दिया जाए, ताकि अनावश्यक हादसों से बचा जा सके। अब तक इस जगह पर 20 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि अब तक चुप्पी साधे हुए हैं।


हमारी टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अधूरे डिवाइडर के कारण रात के समय वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल या तो निर्माण कार्य पूरा किया जाए या फिर डिवाइडर को अस्थायी रूप से हटाकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए।