चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। चंदला-अजयगढ़ मार्ग स्थित प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक धार्मिक स्थल आमखेरा धाम में रविवार को सर्व ब्राह्मण समाज की भव्य महापंचायत का आयोजन किया गया। इस महासम्मेलन में चंदला विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों से सैकड़ों की संख्या में समाज के प्रबुद्धजन, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।


कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात समाज के वरिष्ठजनों एवं वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए ब्राह्मण समाज की एकता, संगठन और सामाजिक उत्थान पर विशेष बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा राजनीतिक भागीदारी के क्षेत्र में मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।


महापंचायत का मुख्य उद्देश्य आमखेरा धाम में ब्राह्मण कमेटी का पुनर्गठन करना था। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाजहित में कार्य करने और सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।


बैठक में समाज की भावी योजनाओं, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा आमखेरा धाम के विकास संबंधी विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प दोहराया।


महापंचायत के अवसर पर पिकनिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ सामूहिक भोजन तैयार किया। बैठक के समापन के बाद सभी विप्र बंधुओं ने एक साथ बैठकर भोजन एवं प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में भाईचारे, एकता और सामाजिक समर्पण का वातावरण देखने को मिला।