पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी (कार्यवाहक) अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पटना के होटल मौर्य में आयोजित बैठक में यह प्रस्ताव भोला यादव ने रखा, जिसे सभी नेताओं ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
बैठक में पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती, संजय यादव समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार पर भी चर्चा हुई। तेजस्वी यादव ने कहा कि अब पुरानी बातों को भूलकर आगे बढ़ना होगा और भाजपा के खिलाफ मजबूती से संघर्ष किया जाएगा।
लालू प्रसाद यादव ने तेजस्वी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे पहले भी संगठन के लिए बेहतर काम कर रहे थे और अब और मजबूती से पार्टी को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने सभी नेताओं से संगठन को मजबूत करने और एकजुट होकर चुनावी लड़ाई लड़ने की अपील की।
वहीं तेजस्वी यादव के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर रोहिणी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तंज भरी प्रतिक्रिया दी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी यादव पहले से ही संगठन और रणनीतिक फैसलों में अहम भूमिका निभा रहे हैं। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के समान अधिकार प्राप्त होंगे।
स्वास्थ्य कारणों से लालू प्रसाद यादव भविष्य में अध्यक्ष पद छोड़ने की तैयारी में हैं। उनका कार्यकाल 2028 तक रहेगा, जिसके बाद तेजस्वी यादव को RJD का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है।

