सतना, अंबिका केशरी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बगहा-संतनगर मार्ग पर गुरुवार को तेज रफ्तार कार की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। बिना नंबर की कार ने पहले बाइक सवार और सड़क पार कर रहे राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। कार पलटने के बाद उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिलने से मामला सड़क दुर्घटना के साथ-साथ शराब तस्करी का भी बन गया।


पुलिस के अनुसार संतनगर निवासी संदीप गर्ग चित्रकूट की ओर से बाइक से घर लौट रहे थे। हाईवे से अपने घर की ओर मुड़ते समय सिविल लाइन की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसी दौरान सड़क पार कर रहे अहिरगांव निवासी धीरज कुमार नामदेव भी कार की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद कार पलट गई, जिससे उसमें रखी शराब की कई बोतलें सड़क पर बिखर गईं।


हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं कार सवार चार लोगों में से दो आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उनके दो साथी मौके से फरार हो गए।


पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान 100 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद कर जब्त कर ली। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। सिविल लाइन थाना पुलिस सड़क हादसे और अवैध शराब तस्करी दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।