सतना, अंबिका केशरी। जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। शासकीय प्राथमिक शाला बरती में पदस्थ 58 वर्षीय शिक्षक इंद्रभान सिंह की स्कूल जाते समय मटेहना के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद परिजनों ने ई-अटेंडेंस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे हादसे की बड़ी वजह बताया है।
जानकारी के अनुसार, इंद्रभान सिंह रामपुर बघेलान विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बरती में पदस्थ थे। मंगलवार को निजी कार्य से सतना आए थे और भरहुत नगर स्थित अपने मकान में रुके थे। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे वह बाइक से स्कूल के लिए निकले। मटेहना के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना राहगीरों ने डायल-112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शिक्षक को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने प्रदेश में लागू ई-अटेंडेंस व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि समय पर स्कूल पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराने की बाध्यता के कारण शिक्षक जल्दबाजी में सफर करने को मजबूर होते हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि ई-अटेंडेंस का यह नियम शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव बना रहा है और ऐसे हादसों की आशंका बढ़ा रहा है।
वहीं, कोलगवां थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।




