छतरपुर, संतोष शिवहरे। शिक्षा के मंदिर से सामने आई एक शर्मनाक तस्वीर ने सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक कक्षा में बच्चों को पढ़ाने के बजाय कुर्सी पर गहरी नींद में सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षक महेंद्र अहिरवार डुमरा हाई स्कूल में पदस्थ हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।


वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शिक्षक कुर्सी पर सो रहे हैं, जबकि कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राएं बिना किसी निगरानी के शोर मचा रहे हैं और इधर-उधर घूम रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित होती नजर आ रही है। जिस शिक्षक को विद्यार्थियों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वही अपनी ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतते दिखाई दे रहे हैं।


घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से सवाल पूछने शुरू कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि शिक्षक ही अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करेंगे तो सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा। साथ ही लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।


फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं। यह घटना एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था में प्रभावी निगरानी और जवाबदेही की आवश्यकता को उजागर करती है।