महाराजपुर, शिवम चौरसिया। जनपद पंचायत नौगांव क्षेत्र की ग्राम पंचायत मतोद्धावेसन के ग्राम दीवान जू के पुरवा स्थित प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय का निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होने के बावजूद शिक्षक नियमित रूप से समय पर विद्यालय नहीं पहुंचते और निर्धारित समय से पहले ही चले जाते हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने शिक्षकों के विद्यालय देर से पहुंचने का वीडियो भी बनाया है और शिक्षा विभाग से जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक अनिल नायक एवं जगविंद्र सिंह शुक्रवार को करीब 11:30 बजे विद्यालय पहुंचे। इस दौरान बच्चे विद्यालय परिसर में शिक्षकों का इंतजार करते रहे। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से जारी है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भोजन तैयार कराने वाला समूह शासन द्वारा निर्धारित मीनू का पालन नहीं करता, बल्कि अपनी सुविधा के अनुसार भोजन तैयार कर बच्चों को परोसता है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से शिक्षक और समूह संचालक मनमानी कर रहे हैं।
विद्यालय की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों ने गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि विद्यालय परिसर में बने शौचालय और बाथरूम लंबे समय से गंदगी से भरे पड़े हैं। नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण बच्चे उनका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं और खुले में शौच जाने को मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि शिक्षकों के देर से विद्यालय पहुंचने के वीडियो के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों एवं जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन योजना और स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च स्तर पर भी शिकायत करेंगे।




