देवास। सतवास क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। मसूरिया और खेरखेड़ा गांव के बीच स्थित रेतिया खाल की पुलिया पार करते समय एक स्विफ्ट कार तेज बहाव में फंस गई। कार में बुरट गांव के चार लोग सवार थे, जिन्हें ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित रेस्क्यू के चलते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


जानकारी के अनुसार बारिश के कारण रेतिया खाल की पुलिया पर पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान स्विफ्ट कार पुलिया पार करने लगी, लेकिन अचानक बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण वाहन बीच पुलिया पर फंस गया। स्थिति गंभीर होती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया के दोनों ओर लगी तार फेंसिंग ने कार को बहने से रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए कार में सवार सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पुलिया सड़क के स्तर से काफी नीचे बनी हुई है और वर्षों पुरानी होने के कारण बारिश के मौसम में हमेशा खतरा बना रहता है। लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां नई और ऊंची पुलिया के निर्माण की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। हालांकि सभी लोग सुरक्षित होने से राहत की सांस ली गई।