छतरपुर, संदीप यादव। जिले में दहेज प्रताड़ना और नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, मृतका किरण कुशवाहा (24) का विवाह 11 मई 2025 को बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोती निवासी हरीनारायण कुशवाहा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पिता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर किरण को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। कम दहेज लाने के ताने दिए जाते थे और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।


आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 1 जून 2026 को ससुराल पक्ष ने कथित रूप से मारपीट करने के बाद जबरन जहरीला पदार्थ और डिटर्जेंट पाउडर (सर्फ) खिलाकर किरण की हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों ने बड़ामलहरा थाना पुलिस को शिकायत दी, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक किसी भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया।


पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में पति हरीनारायण कुशवाहा, ससुर परमलाल कुशवाहा, सास तुलसा कुशवाहा, ननद सुनीता कुशवाहा तथा देवर उमेश कुशवाहा पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं।